अनचाही लत से मनचाही ताकत तक का सफर
ओम प्रकाश कसेरा
दोस्तों, जीवन की सबसे कठिन जंग बाहर नहीं, भीतर लड़ी जाती है। बाहर का विरोध दिखाई देता है परंतु भीतर की आदत मुस्कराकर रास्ता रोकती है।
हम हर ज़रूरी काम को "कल" की तिजोरी में बंद कर देते हैं। दिन भर व्यस्तता का ढोंग चलता है, सालों से एक ही घिसी पिटी गलती दोहराई जाती है, और शाम ढलते ही अपने ही बनाए कटघरे में खड़े होकर परिस्थितियों पर मुकदमों की झड़ी लगा दी जाती है।
पहले वक्त पर इल्ज़ाम, फिर किस्मत पर जिरह, और अंत में हालात को मुजरिम ठहराकर खुद को बेदाग़ बरी कर लिया जाता है।
इस पूरी अदालत के बाहर, हमारी पुरानी आदत रास्ते के बीच कुर्सी डालकर बैठी मुस्कुरा रही होती है। सुबह अलार्म बजता है, और भीतर से वही चिर परिचित रिश्वत निकलती है “बस पाँच मिनट।” वही पाँच मिनट चुपके से आधे घंटे में बदल जाते हैं। फिर हड़बड़ाहट में पैर ज़मीन पर पड़ते ही पहली घोषणा गूँजती है “आज तो समय ही नहीं मिला!”
“बहाना तुरंत आराम देता है, लेकिन भविष्य से उसकी कीमत वसूलता है।”
समय आपके मूड का बंधुआ मज़दूर नहीं है कि जब मर्ज़ी हुई, काम पर बुला लिया। सवाल यह नहीं कि मंज़िल कितनी दूर खड़ी है; असली सवाल यह है कि आज आपने सही दिशा में एक ठोस कदम बढ़ाया, या फिर बहानों की गोद में सिर रखकर सो गए।
जूते में नुकीला कंकड़ फँसा हो, तो कोई भी समझदार मुसाफ़िर दौड़ने की ज़िद नहीं करता; वह पहले रुककर उस कंकड़ को बाहर फेंकता है। देर रात तक स्क्रीन से चिपके रहना वही ज़हरीला कंकड़ है, और सुबह उठते ही टूटने वाला बदन उसका रिसता हुआ घाव।
विडंबना का तमाशा तो देखिए ज़िंदगी तो सबको चमचमाती नई चाहिए, मगर तौर तरीके वही सड़े गले पुराने। याद रखिए, पसीना किसी बाज़ार की दुकान पर बिकाऊ नहीं होता; उसे अपने शरीर और संकल्प की भट्टी में खुद तपाकर निकालना पड़ता है।
व्यस्त जीवन, अस्त व्यस्त आदतें
अक्सर हम थककर हाथ खड़े कर देते हैं “अब मेरे पास नई आदतों के लिए वक्त ही कहाँ है?” करियर, जिम्मेदारियाँ और अंतहीन भागदौड़ के बीच हम मान लेते हैं कि हमारी दिनचर्या का ढाँचा पूरी तरह भर चुका है। लेकिन सच्चाई यह नहीं कि जीवन बहुत व्यस्त है; कड़वी सच्चाई यह है कि हमारा अवचेतन मन गलत और अनजानी आदतों से अस्त व्यस्त है।
एक महत्वाकांक्षी शिष्य ने गुरुजी से ठीक यही शिकायत की, “गुरुदेव, दिन भर इतना व्यस्त रहता हूँ कि अच्छी आदतें डालने की रत्ती भर जगह नहीं बची।”
गुरुजी मुस्कुराए। वे समझ गए कि समस्या समय की कमी नहीं, बल्कि प्राथमिकताओं और व्यवहार के पैटर्न की है। वे मेज पर काँच का एक पारदर्शी जार लाए और उसमें बड़े बड़े पत्थर भर दिए।
“जार कैसा दिख रहा है?” गुरुजी ने पूछा। “पूरी तरह लबालब भरा हुआ,” शिष्य ने आत्मविश्वास से कहा।
गुरुजी बोले, “ये बड़े पत्थर तुम्हारा करियर, दफ्तर, मुख्य व्यवसाय और वे बड़ी जिम्मेदारियाँ हैं जिन्हें तुम टाल नहीं सकते। इन्हें देखकर तुम्हें भ्रम होता है कि पूरा जीवन भर चुका है और नई आदतों के लिए कोई गुंजाइश नहीं।”
गुरुजी ने पूछा, “लेकिन उन आदतों का क्या जो तुम्हें व्यवस्थित बनाती हैं? जैसे जरूरी फोन निपटाना, छोटे काम समय पर करना?” शिष्य ने सिर हिलाया, “उनके लिए तो अलग से कोई स्लॉट ही नहीं बचता।”
गुरुजी ने मध्यम आकार के कंकड़ उठाए और जार में डाल दिए। जार को हल्का सा हिलाया, और वे कंकड़ बड़े पत्थरों के बीच की खाली जगह में समा गए। गुरुजी ने समझाया, “यही है ‘हैबिट स्टैकिंग’ (Habit Stacking) पुरानी और अनिवार्य दिनचर्या के साथ एक छोटी नई आदत को नत्थी कर देना। यात्रा करते हुए जरूरी ईमेल चेक करना, किसी मीटिंग के इंतजार के पाँच मिनट में पेंडिंग काम निपटाना। नया 24 घंटा नहीं मिला, बस एक आदत ने दूसरी गतिविधि के बीच का खाली कोना पकड़ लिया।”
“और स्वास्थ्य की आदतें?” गुरुजी का अगला सवाल था। शिष्य बोला, “जिम या कसरत के लिए तो घंटों चाहिए, जो मेरे पास नहीं हैं।”
गुरुजी ने छोटे कंकड़ जार में गिरा दिए। वे भी पत्थरों के बीच आसानी से धँस गए। “शरीर तुमसे घंटों की कुर्बानी नहीं माँगता, वह सिर्फ निरंतरता (Consistency) की आदत माँगता है। लिफ्ट छोड़कर सीढ़ियाँ चढ़ने की आदत, फोन पर बात करते हुए टहलने की आदत, तय समय पर पानी पीने की आदत। यह शरीर को थकाती नहीं, अवचेतन रूप से ऊर्जावान बनाए रखती हैं।”
“और स्वाध्याय? नई चीजें सीखने की आदत?” शिष्य फिर बोला, “किताब खोलने का वक्त ही नहीं मिलता।”
गुरुजी ने उनसे भी महीन रोड़ी डालते हुए कहा, “गाड़ी चलाते समय पॉडकास्ट या ऑडियोबुक सुनना, सोने से पहले सिर्फ दो पन्ने पढ़ना। ये छोटी आदतें शुरुआत में सूक्ष्म लगती हैं, पर कंपाउंड होकर एक दिन तुम्हारी मानसिक क्षमता का दायरा कई गुना बढ़ा देती हैं।”
“और परिवार, बच्चों के साथ जुड़ाव और जीवन की खुशियाँ?” शिष्य की आँखें झुक गईं, “यही आदतें तो सबसे पहले छूट जाती हैं गुरुदेव।”
गुरुजी ने मुट्ठी भर बारीक बालू जार में उँडेल दी। बालू फिसलते हुए कंकड़ों और पत्थरों की हर सूक्ष्म दरार में समा गई। गुरुजी बोले, “डाइनिंग टेबल पर बैठते ही फोन को दूर रखने की आदत, बच्चों के साथ बिना स्क्रीन के बिताए पंद्रह मिनट, हफ्ते में एक दिन अपनी किसी हॉबी को छू लेना। यह परिवार के लिए अलग से दिन चुराना नहीं, बल्कि रिश्तों के बीच पूरी तरह ‘उपस्थित रहने’ की आदत है।”
शिष्य ने राहत की सांस लेते हुए कहा, “अब तो सचमुच कोई कोना बाकी नहीं बचा।”
गुरुजी ने गंभीर होकर पूछा, “और तुम्हारी आत्मशांति? ध्यान, प्रार्थना और खुद से मिलने की आदत?” शिष्य निरुत्तर हो गया।
गुरुजी ने सुराही उठाई और जार में पानी डाल दिया। पानी बिना किसी रुकावट के बालू और कंकड़ों के बीच बहता हुआ तलहटी तक समा गया। “सुबह आँख खुलते ही पाँच मिनट का शांत मौन, और रात को सोने से पहले दिन भर का आत्ममंथन। यह वह आदत है जो जीवन के हर हिस्से को भीगोकर शांत कर देती है।”
फिर गुरुजी ने शिष्य के कंधे पर हाथ रखा, “ध्यान से देखो। जार बड़ा नहीं हुआ। घड़ी में 24 घंटे के 25 घंटे नहीं हुए। फर्क सिर्फ इतना पड़ा कि तुमने खाली जगहों को पहचानकर उनमें आदतों को सही क्रम में बिठा दिया।”
हमारी दिनचर्या भी इसी पारदर्शी जार जैसी है। जब हम कहते हैं कि समय नहीं है, तो असल में हम कह रहे होते हैं कि हमारे पास सही आदतों का ढाँचा नहीं है।
शुरुआत में किसी भी खाली समय में नई आदत जोड़ना एक सचेत संघर्ष लगता है। लेकिन जैसे ही आप किसी निश्चित काम के तुरंत बाद उस आदत को दोहराते हैं, दिमाग का ऑटोपायलट हमारा अवचेतन मन (Subconscious Mind) उसे अपनी प्रोग्रामिंग बना लेता है। फिर आपको सीढ़ी चढ़ने, किताब का पन्ना पलटने या मौन बैठने के लिए इच्छाशक्ति खर्च नहीं करनी पड़ती; आदतें खुद ब खुद आपका हाथ थामकर दिन के खाली कोनों को सार्थक बना देती हैं।
यही आदत की असली शक्ति है। पहले हमें अच्छी आदत के लिए जगह बनानी पड़ती है, फिर वही आदत हमारे जीवन में अपनी जगह स्वयं बनाए रखने लगती है।
सफल लोगों के पास कोई बड़ा जार नहीं होता। उनके पास भी वही चौबीस घंटे होते हैं। फर्क इतना है कि वे जार को केवल जिम्मेदारियों से भरकर नहीं छोड़ते। वे उसकी खाली जगहों को अच्छी आदतों से भरते हैं और उन आदतों को इतना दोहराते हैं कि वे उनके सबकॉन्शियस माइंड और जीवनशैली का हिस्सा बन जाती हैं।
करियर जरूरी है, लेकिन करियर ही पूरा जीवन नहीं है। असली सफलता वह है, जिसमें उपलब्धि के साथ स्वास्थ्य, सीखने की प्रवृत्ति, परिवार, रिश्ते, अपनी पसंद और भीतर की शांति भी जीवित रहे।
समय बढ़ता नहीं है। आदतें बदलती हैं, सबकॉन्शियस माइंड बदलता है और फिर वही चौबीस घंटे पूरे जीवन की गुणवत्ता बदल देते हैं।
हम कहते हैं कि स्वास्थ्य के लिए तीस मिनट नहीं हैं। मोबाइल की रिपोर्ट चुपचाप बता देती है कि कई घंटे स्क्रीन को दान कर दिए।
“व्यस्तता पसीना दिखाती है; उपलब्धि दिशा का प्रमाण माँगती है।”
अंधा अभ्यास: मेहनत ज्यादा, नतीजा शून्य
हम अक्सर मेहनत के घंटों को अपनी उपलब्धि मान लेते हैं, लेकिन आदत का विज्ञान एक कड़वा सच सिखाता है अवचेतन मन सही और गलत में फर्क नहीं करता; वह सिर्फ दोहराव (Repetition) को सच मानकर पक्का करता जाता है।
एक बच्चे ने गणित का वही सवाल बीस बार गलत हल किया। पसीना बहा, पन्ने भरे, लेकिन सुधार शून्य रहा। उसने गणित नहीं सीखा; उसने बीस बार गलत कदम उठाने की 'गलत आदत' को अपने दिमाग के न्यूरॉन्स में और गहरा खोद दिया। वहीं उसके दोस्त ने तीसरी बार में ही रुककर अपनी गलती जाँची, शिक्षक से सही तरीका समझा और चौथी बार में सही हल निकाल लिया। पहले बच्चे ने गलती दोहराने की आदत बनाई, जबकि दूसरे ने खुद को सुधारने की। अभ्यास वरदान तभी बनता है जब हर दोहराव के साथ सजग चेतना चले; वर्ना अभ्यास सिर्फ एक अंधी लत बन जाता है।
अगर कोई गायक रोज़ बेसुरा रियाज़ करे, तो समय के साथ उसका अवचेतन मन उसी गलत सुर को उसकी स्थायी गायकी बना देगा। अगर कोई बल्लेबाज़ नेट्स में सौ गेंदें खेले, मगर हर बार वही तकनीकी चूक दोहराए, तो वह नेट प्रैक्टिस नहीं कर रहा; वह अपनी कमजोरी को हमेशा के लिए एक 'ऑटोपायलट आदत' में ढाल रहा है। गलत दिशा का अनुशासन सुधार नहीं लाता; वह गलती को आपका चरित्र बना देता है।
अभ्यास का लक्ष्य घड़ी देखकर घंटा पूरा करना नहीं; हर अगली कोशिश में गलती की संख्या घटाकर सही आदत को री वायर (Rewire) करना है।
हमारा हाल यह है कि हमें चमचमाता साफ़ चेहरा चाहिए, लेकिन आईने पर जमी धूल झाड़ने की आदत नहीं। गलत पते की ट्रेन में रोज़ समय पर बैठकर अपनी पाबंदी पर गर्व करने से मंज़िल नहीं मिलती।
जंगल में एक लकड़हारा बिना रुके, दिन भर पसीने से लथपथ होकर कुल्हाड़ी चलाता रहा। दूसरा लकड़हारा हर आधे घंटे बाद रुकता, बैठता और अपनी कुल्हाड़ी की धार तेज़ करता। पहला उसे आलसी समझकर मुस्कुराता रहा, मगर शाम ढलते ही दूसरे के पास कटे हुए पेड़ों का ढेर कई गुना बड़ा था।
रुककर अपनी आदतों की समीक्षा करना आलस्य नहीं है; वह अपनी समझ की कुल्हाड़ी पर धार लगाना है। जब तक आप रुककर यह नहीं देखेंगे कि आप क्या दोहरा रहे हैं, तब तक आपकी मेहनत केवल आपकी गलत आदतों को अमर बनाती रहेगी।
बड़े बड़े वादों से आदतें नहीं बदलतीं, छोटे प्रयोगों से बदलती हैं। समझदार किसान कभी नया बीज पूरे खेत में एक साथ नहीं फेंकता; पहले एक कोने में बोकर मिट्टी और पानी परखता है। हम पहले ही दिन पूरी ताकत झोंककर नई आदत को पहाड़ बना देते हैं, और जब चार दिन में हिम्मत टूटती है तो दोष आदत को दे बैठते हैं। किसी आदत को बहुत छोटा रखना कमजोरी नहीं, समझदारी है। आदतें किसी क्रांति से नहीं, रोज़ के छोटे परीक्षणों से पकती हैं।
अगर किसी दिन आपकी आदत की कड़ी टूट जाए, तो खुद को कोसने के बजाय बस चार सवाल पूछिए क्या बदला? कहाँ रुकावट आई? तरीका क्यों फेल हुआ? और कल इसे कैसे सुधारूँगा? यह सवाल आपकी छूटी हुई आदत को एक मजबूत सीख में बदल देते हैं। किसी एक दिन रूटीन का चूक जाना आदत का अंत या पूर्णविराम नहीं है, बल्कि अगले दिन और बेहतर शुरुआत से पहले लगा एक छोटा सा अल्पविराम है।
चाणक्य की तरह आदत टूटे तो चाल बदलिए, इरादा नहीं
मेहनत करने वाला कभी कमजोर नहीं होता, कमजोर होती है उसकी रोज़मर्रा की आदतें और काम करने का तरीका। जब चाणक्य ने मगध की सत्ता पलटने की ठानी, तो पहली ही जंग में उनकी सेना बिखर गई। हार से थके चाणक्य जब छिपते हुए एक झोपड़ी में पहुंचे, तो वहां जीवन भर की सबसे बड़ी सीख उनका इंतजार कर रही थी।
एक मां ने अपने भूखे बच्चे को खौलती गरम खिचड़ी परोसी। बच्चे ने अधीर होकर ठीक बीच में हाथ डाल दिया और उंगलियां जलते ही चीख पड़ा। तब मां ने डांटते हुए कहा, “मूर्ख, तू भी चाणक्य की तरह उतावला है! बीच में हाथ डालेगा तो जलेगा ही। किनारे से खा, जहां खिचड़ी ठंडी है। धीरे धीरे आगे बढ़।”
अंधेरे कोने में बैठे चाणक्य को अपनी गलती समझ आ गई। सीधी बड़ी जंग छेड़ना वैसे ही था जैसे अपनी क्षमता से बड़ी आदत का बोझ एक ही दिन में उठा लेना। उन्होंने सीखा कि बदलाव केंद्र पर सीधे हमले से नहीं, परिधि की छोटी छोटी जीतों से शुरू होता है।
कायर आदत टूटने पर छाती पीटते हैं, समझदार अपना रूटीन बदलते हैं। जब सामने पहाड़ खड़ा हो, तो सिर पटकना वीरता नहीं, कोरी मूर्खता है। आदतें कभी अचानक इच्छाशक्ति के विस्फोट से नहीं बदलतीं; वे तैयारी की भट्टी में तपकर आकार लेती हैं।
थाली के बीच में हाथ डालकर रोज़ अपनी इच्छाशक्ति को जलाना बंद कीजिए। बड़ी आदत को छोटे हिस्सों में बांटिए। किनारे से शुरुआत कीजिए एक छोटी आदत पकड़िए, एक बाधा काटिए। लक्ष्य अटल रखिए, लेकिन अपनी दिनचर्या और तरीकों को बदलने में लचीले रहिए।
यदि कोई आदत बार बार छूट रही है, तो वही पुराना तरीका और ज्यादा जोर लगाकर दोहराना बहादुरी नहीं, अहंकार की ज़िद है। बंद दरवाज़े से सिर टकराने के बजाय अपने काम करने का क्रम बदलिए।
जब आदत टूटे तो खुद से नफरत मत कीजिए। आईना अगर चेहरे का दाग दिखाए, तो आईना तोड़ने से दाग साफ नहीं होता। जहाँ बार बार हार रहे हैं, वहाँ सिर्फ अपनी ज़िद मत बढ़ाइए अपने आसपास का माहौल और अपने कदम उठाने का तरीका बदलिए।
छोटी आदत का ब्याज चुपचाप बढ़ता है
एक विद्वान ने राजा से सिर्फ इतना मांगा शतरंज के पहले खाने पर चावल का एक दाना और हर अगले खाने पर पिछले से दोगुना, बस 64 खानों तक। राजा हंसा कि इतनी सी भीख! शुरुआत में सब मामूली था 1, 2, 4, 8, 16। लेकिन 64वें खाने तक पहुंचते पहुंचते वह एक दाना इतना बड़ा पहाड़ बन गया कि पूरे राज्य की सल्तनत बिकने के बाद भी चावल कम पड़ गए।
आपकी आदतें भी यही शतरंज हैं। पहले दिन की एक सिगरेट या 15 मिनट की सुबह की सैर बिल्कुल बेअसर लगती है। लेकिन समय का पहिया उस पर चुपचाप ऐसा चक्रवृद्धि ब्याज चढ़ाता है कि या तो तकदीर संवर जाती है, या वजूद खोखला हो जाता है। रात भर टपकती एक एक बूंद सुबह बाल्टी छलका देती है, और कोने में बैठी अदना सी दीमक पूरी हवेली निगल लेती है। आदत की पहली किस्त हमेशा चिल्लर जैसी लगती है, मगर अंतिम भुगतान होश उड़ा देता है।
इसे 1 और 1.01 के फर्क से समझिए: अगर आप जैसे हैं वैसे ही बने रहते हैं, तो आप सिर्फ 1 हैं साल भर बाद भी बिल्कुल वहीं के वहीं। लेकिन अगर आप अपनी आदत में रोज़ सिर्फ 1% का नन्हा सा सुधार जोड़ते हैं और 1 से बढ़कर 1.01 होते हैं, तो 365 दिन बाद आप 37.78 गुना आगे खड़े होंगे। और अगर रोज़ सिर्फ 1% की ढिलाई देकर 1 से फिसलकर 0.99 पर आ गए, तो साल के अंत में आपकी पूरी मेहनत घिसटकर 0.03 यानी लगभग शून्य पर आ जाएगी।
फर्क इस बात से नहीं पड़ता कि आज आपने कितना बड़ा तीर मारा; फैसला इस बात से होता है कि आपकी रोज़ की आदत का मीटर किस दिशा में घूम रहा है। 1 और 1.01 के बीच का वह 0.01 ही वह अदृश्य धागा है, जो या तो आपको शिखर पर बैठा देता है या धूल में मिला देता है।
आदत परिणाम नहीं, पहले आपकी पहचान तय करती है
रोज़ सिर्फ एक पन्ना पढ़ने वाला साल के अंत में पूरी किताब खत्म कर चुका होता है, जबकि लाइब्रेरी खड़ी करने के दावे करने वाला उसी किताब की धूल झाड़ रहा होता है।
पत्थर पर पहली बार गिरी पानी की बूंद कोई जादू नहीं करती, न ही सौवीं बूंद से कोई चमत्कारिक दरार आती है। लोग बूंद की ताकत का गुणगान तो करते हैं, लेकिन उसके पीछे छिपे खामोश धैर्य से आंखें चुरा लेते हैं। असली बदलाव शोर मचाकर नहीं आता; वह तो पानी की तरह चुपचाप कठोर से कठोर पत्थर पर अपना हस्ताक्षर दर्ज करता है। महल का विशाल दरवाज़ा भी अपनी जगह से तभी हिलता है, जब नीचे लगा छोटा सा लोहे का कब्ज़ा ठीक से घूमता है। आपका जीवन भी उन बड़े सपनों से नहीं, रोज़ के उसी छोटे कब्ज़े यानी आपकी आदत पर घूम रहा है।
मौसम आपके रोने से नहीं बदलेगा, लेकिन आप अपनी नाव के पाल मोड़ सकते हैं। घड़ी की सुई किसी के पछतावे के लिए नहीं रुकती, लेकिन उस टिक टिक पर आप क्या कर रहे हैं, इसका फैसला सिर्फ आपकी आदत करती है।
सफलता किसी एक शुभ मुहूर्त का चमत्कार नहीं, बल्कि रोज़ चुपचाप किए गए सही सुधारों का जमा हुआ खाता है। इंसान को उसकी परिस्थितियां कभी नहीं हरातीं, उसे रोज़ की सड़ी गली आदतें घुटनों पर लाती हैं। सोच बदलिए, वरना जिस आदत को आप आज अपनी मजबूरी बता रहे हैं, वही कल आपकी गर्दन की जंजीर बन जाएगी।


0 टिप्पणियाँ